बुधवार, 14 अगस्त 2013

कभी कभी : आजादी को याद करते हुए



विश्वविजयी तिरंगा प्यारा
झंडा ऊँचा रहे हमारा
कभी कभी गाते गाते
आँखे डबडबा क्यों आती हैं ?
+++
उसने कहा वंदेमातरम
फिर सहम के चारों ओर देखा
कभी कभी वंदना करता आदमी
इतना डर क्यों जाता है .
+++
ताजे फूल ,तिरंगा ,डंडा ,रस्सी ,लड्डू
सारे इंतजाम मुकम्मल हैं
कभी कभी फिर भी लगता है
सब कुछ बहुत अधूरा है .
+++
देशभक्ति का तराना गाते हुए
उसके कमर पर काट रही हैं चींटियाँ
कभी कभी चींटियाँ भी
झूठ बर्दाश्त नहीं कर पातीं .
+++
तड़के प्रभात फेरी में गया
फिर चौक पर झंडा फहराया
कभी कभी बेचारा मन
जाने किन ख्यालों में खो जाता है .
+++
जश्ने -आज़ादी का मौका है
तमाम फूलों को बींध रही हैं सुईयां
कभी कभी हंसी खुशी में
अंगुलियां लहुलुहान हो जाती हैं .

सोमवार, 12 अगस्त 2013

कुछ यूं ही लिखी गईं पंक्तियाँ

गमले में खिला है लाल गुलाब
शायद ही किसी ने उसे निहारा
कभी कभी खूबसूरती भी
यूं ही नज़रंदाज़ हो जाती है.
+++
चिड़िया ले आती है
दबाकर चोंच में चुग्गा
कभी कभी बच्चों के लिए
सुबह आहार बन कर आती है.
+++
 मैं देर तक चुप बैठा रहा
उसने कहा तुमने कुछ कहा क्या
कभी कभी चुप्पी भी
अपनी बात कह देती है .
+++
 बीमारी बुढ़ापा और गरीबी देख
राजकुंवर बन गए थे बुद्ध 
कभी प्रबुद्धजनों को  
इतिहास पर यकीन नहीं आता .
+++

अम्मा हो चली है बूढ़ी
ठीक से चल भी नहीं पाती
कभी कभी ममता भी
ओल्डऐज होम का पता पूछती है .
 +++
 
चाँद पर चरखा कातती अम्मा का
अब कोई बच्चा नहीं पूछता हाल
कभी कभी बच्चे भी
कितनी जल्द सयाने हो जाते हैं .
++++
मैं अखिरीबार कब रोया था
मुझे कुछ भी याद नहीं
कभी कभी रोने के लिए
एकांत का टोटा पड़ जाता है .
+++
 
 
 
 

रविवार, 11 अगस्त 2013

अगडम सगडम दिन



आदमी के भीतर पियानो
वीकेंड की फुरसत में बजता है
कभी कभी तन्हाई में
पैर थिरक उठते  हैं .
+++
वीकेंड के आने की आहट से
मन मोर बन कर नाचता है
कभी कभी इंतजार करती ऑंखें
मोर के पर नोच लेती हैं .
+++
हाथ में चाय का प्याला
और प्लेट भरी फुरसत
कभी कभी रुमानियत
भाप बन कर आती है .
+++
मुहँ अँधेरे भीतर कॉलबैल बजी है
बाहर खड़ा कोई पूछता है किसी का पता
कभी कभी इस पूछताछ में
खुद अपना पता खो जाता है .
+++
कल तो छुट्टी है
आज रात जम कर सोना है
कभी कभी इतनी -सी बात
रात भर सोने नहीं देती .
+++
घड़ी का अलार्म बज उठा
तब याद आया आज तो छुट्टी है
कभी कभो घड़ियाँ भी
कितनी बेरहम होती हैं .
+++

शनिवार, 10 अगस्त 2013

कुछ और यादें : दिल पर अंकित कुछ शब्दचित्र

अगड़म सगड़म दिनों में 
मैं खूब डायरी लिखता हूँ 
कभी कभी यही अनगढ़ इबारतें 
मेरी हिमायत को आ जाती हैं .
+++
गौरेया को गुम हुए 
अब अरसा हुआ 
कभी कभी सेविन सिस्टर्स* आ जाती हैं 
तो रौनक लौट आती है .

*भूरे रंग की एक चिड़िया जो सात के समूह में रहती हैं और जब चहकती हैं तो लगता है बहुत सी लड़कियां आपस में बतिया रही हों .हिंदी में ये सतभाई कहलाती हैं .क्या इसकी वजह हिंदी वालों की लड़कियों से जन्मजात अदावत है ?
+++
यादें होती ही हैं 
किसी गुलाब के कांटे सी 
कभी कभी उनका चुभना भी 
मन को रक्ताभ बना देता है .
+++
मौसम विभाग ने कहा था 
आज तेज बारिश होगी 
कभी कभी तेज धूप निकल कर 
तकनीकी को खूब मुहँ चिढ़ाती है . .
+++
ईद सालभर में एक बार आती है 
फिर रहती है कई दिन मुसलसल 
कभी कभी खुशियों की 
कोई मियाद नहीं होती .
+++
हरियाली तीज पर
तुम बेसाख्ता याद आईं 
कभी कभी मेहँदी रची हथेलियाँ 
दिल पर छप जाती हैं .
+++
तुम्हें याद करते हुए 
अकसर मैं हांफ जाता हूँ 
कभी कभी याद रखना भी 
किस कदर थकन भरा होता है .
+++




शुक्रवार, 9 अगस्त 2013

ईद : कुछ शब्द चित्र

ईद आई है बड़ी मन्नतों के बाद 
बारिश आ गई बिन बुलाए 
कभी कभी खुशियों के संग 
कौन कौन आ जाता है .
+++
मैंने कहा ईद मुबारक 
उसने अचकचा के देखा 
कभी कभी मौहब्बत भी 
मज़हब पूछती है 
+++
इतनी सारी मुबारकबाद
इन्हें कहाँ रखूं सहेज कर
कभी कभी दिल भी
कितना छोटा पड़ जाता है .
+++
माँ हर बरस देती थी 
हमें ईद पर ईदी 
कभी कभी माओं से 
कोई उनका धर्म नहीं पूछता .
+++
मैंने कहा चाँद निकल आया है 
माँ खामोश रही 
कभी कभी खुशखबरी भी 
कितना उदास कर जाती है
+++
अम्मी चली गई
हामिद का चिमटा रसोई में है
कभी कभी ईदगाह की
रसोई को हरदम याद आती है .*

*
प्रेमचन्द की कहानी ईदगाह को याद करते हुए
+++
ईद आती है तो खुशियाँ 
सेवैय्यों के साथ आ जाती हैं
कभी कभी ईद भी 
दीवाली सी हो जाती है .
+++
एक घर में खुशियाँ हैं 
दूसरे में मुफलिसी 
कभी कभी खाली बर्तनों में ईद 
उदास धुन की तरह बजती है .


.
Top of Form




मोची राम

साइन लैंग्वेज और कटफोड़वा की खट-खट

महामारी के भीषण दिनों में उन लोगों ने बातून नौनिहालों को जबरन सिखवाया सिर्फ इशारों ही इशारों में अपनी जरूरत भर की बात कह लेना किसी मूक बघिर...