रविवार, 19 जनवरी 2020

सदाकत का शिनाख्ती कार्ड


सदाकत देखते ही देखते
चौरसी* से कुरेद लेता सख्त से सख्त काठ पर
खूबसूरत बेल बूटे , नाचता हुआ मोर
छायादार पेड़ ,फुदकती गिलहरी , उड़ती तितली
खिला हुआ फूल , खपरेल वाला सुंदर मकान
मटकी लिए जाती पतली कमर वाली षोडशी.

उसे मिला हुआ सरकार बहादुर से
माकूल मुआवज़ा, पेंशन आदि का अस्फुट आश्वासन
दिलासा के ढाढस भरे गोलमटोल अलफ़ाज़
शिल्पकार होने का चित्रमय शिनाख्ती कार्ड.

लोग कहते यार सदाकत तू शिल्पकार तो शानदार  है
वह मारे ख़ुशी के लगभग दोहरा  हुआ जाता
पहली फुरसत में  सही दिशा भांप
परवरदिगार के सजदे में सर नवाता
उसे नाज़ था अपनी  हुनरमंदी पर
अक्सर बच्चों सहित अधपेट सोता  
उकता गया आखिरकर.

उसने हुनरमंद हाथों को कांख में दबा
मस्जिद के पेश इमाम से पूछा
हज़रत बताएं करूं क्या
जवाब आया – पांच वक्ती नमाज़ी बनो
फिर इससे पूछा , उससे पूछा
एक दुनियादार ने दबी जबान में सलाह दी
मियां छोड़ो ये कारीगरी -वारीगरी
चलो आओ ई- रिक्शा चलाओ.

उसने झिझकते झिझकते
बैटरी वाली रिक्शा किराये पर उठाई
चाभी घुमाई ,बेआवाज़ स्टार्ट हुई
दौड़ चली  सड़क पर
वह सवारियां ढोता
जायज़ भाड़ा लेता, मालिक को किराया देता है
पुलिस वाले को नाजायज़  हफ्ता भी
जुम्मेरात को चढ़ा आता पीर पर बताशे
उसके हुनरमंद हाथ अब कतई शर्मिदा नहीं.

अधपेट सोना अफसाना हुआ
वह जब कभी चौरसी को देखता
तो उदास हो उठता –बेवजह
घर के सहन में लगी जंग खाई कील पर लटका
डोरे में बंधा शिल्पकार वाला शिनाख्ती कार्ड
हवा के तेज झोंके के साथ डोलता
सदाकत वल्द करमुद्दीन को मुंह चिढाता है.
++++++++++++++++++
चौरसी –लकड़ी पर नक्काशी करने वाला हाथ का औजार

शनिवार, 18 जनवरी 2020

ऑपरेशन के इर्दगिर्द

उस दिन मंगलवार था
टांग तुड़ा कर ऑपरेशन टेबल पर न होता
तो वह चोले का सामान लिए लाल लंगोटी वाले के सामने
झेंपा झेंपा सा खुद को पूर्वपरिचित आँखों से बचा रहा होता
ढंग से धार्मिक या आस्थावान न होने के बावजूद
जीवन की दूसरी पारी में वह मन्दिर तक टहल आता है
जिन्दगी में अधर्म की ही सही, थोड़ी –बहुत चाशनी बनी रहे .

उस दिन ऑपरेशन थियेटर के बाहर
जगह -जगह और क्या चल रहा था ,पता नहीं
अलसभोर उसने फज़र की अज़ान सुनी
तब कहा शायद खुद से
ए नमाजियों, मुझे अपनी दुआओं में याद रखना. 

थोड़ी देर पहले उसने कनखियों से देखा
बड़ा बेटा एक कागज को थरथराते हाथों में थामे  
गहरी सोच में डूबा था
पापा यहाँ से सकुशल निकल आये तो ठीक
न आ पाए तो ...उहूँ देखा जाएगा
छोटे ने निशब्द आश्वस्ति उकेरी थी.  

दोनों  बेटों के पास
अप्रत्याशित घटित होने की स्थिति में
आपदा  प्रबंधन के लिए यकीनन
गायत्री मंत्र के जाप के अलावा भी
कोई अनन्तिम पुख्ता प्लान रहा होगा ही.

उसका अधिकांश शरीर निस्तेज
पर कान कार्यरत थे यथावत
तभी महीन –सी आवाज़ ने
भदेस चुटकुले जैसा कुछ सुनाया
फिर खबर दी कि
उसकी  हसबेंड आज सुबह लौट  गयी खाड़ी देस
इतनी विकट सर्दी में तेरा क्या होगा ऐंजिला
हल्की सी  हंसी उठी कि थम गयी.

कुछ इस्पात के औजार खड़के
फिर एंटी सेप्टिक घोल में सराबोर आवाज़ गूंजी
कम ऑन ,कम ऑन स्टेपल करो ,आगे बढ़ो.
उसे लगा जिन्दगी  पन्ना पन्ना हुई पड़ी  है
अब वे उसे क्रमवार लगाने में लगे हैं.

बड़ा भारी है मरा ,किसी ने कहा
भारी कहाँ ये तो पेसेंट है बहना
उसे लगा कि वह स्ट्रेचर पर आलू के बोरे की तरह लुढ़का है
घर्र घर्र करता स्ट्रेचर चला
हटो चलो रास्ता दो –ले आओ.

ओह .ऑपरेशन मुकम्मल ,बेटे ने गहरी सांस ली
पत्नी ने बंद किया हनुमान चालीसा  का उच्चारण
ठण्ड के मौसम में गले पर चुह आये पसीने को दुपट्टे से पोंछा.

ऑपरेशन सक्सेसफुल –डॉक्टर ने कहा   
व्हाट्स एप मैसेज चारों दिशाओं में गया
देखते ही देखते उसके मोबाइल पर
शुभकामनाओं की अबाबीलें चिंचियाती हुई
इधर –उधर मंडराने लगीं
रसभरे वायवी केकों से मोबाइल स्क्रीन चिपचिपा उठा
उसने सही मौका समझ हल्की सी  किलकारी भरी:
तमाम आत्मीय झिडकियां निजी हलकों से तुरंत लपकीं  
बिना हिले डुले चुपचाप पड़े रहो भोंदू
चिल्ल –पापा- चिल्ल.

उस दिन शुक्रवार या शनिवार अथवा इतवार  
या उस जैसा कोई दिन रहा होगा  
जब वह वॉकर के जरिये इधर से उधर रेंगा
उसी तरह जैसे आठ या सोलह पैर वाला तिलचट्टा
एकबारगी उलट जाने पर 
तमाम कोशिशों के बाद ही सीधा  चलता है
बेढंगी चाल ही हमारे अहद की सनातन गति है.

अब वह डरता ठिठकता सहमता चलता है
मन ही मन रीझता है
चलो जी तमाम तोड़ -फोड़ ; चीर -फाड़ के बाद ही सही
आख़िरकार वह चलने  तो लगा
अब जो हुआ सो हुआ ,अच्छा ही हुआ, हुआ ही होगा.
 













मेरे होने और न होने के बीच



मैं जा रहा अकेला कुछ बुदबुदाता हुआ
न ..न .. कोई दुआ नहीं
न किसी फर्जी उम्मीद की मुनादी  
उसमें जो था
समझ से ज़रा फासले पर रहा  
दिल को बहलाने को तब मैंने शायद
अजब भाषाई ढोंग रच लिया.

मेरे पास अरसे से
कहने –सुनने को कुछ खास  नहीं
बासी शब्दों से कोई क्या रचे
उनसे रची इबारत में से तो
आती है वनैली गंध
अभिव्यक्ति के सिर पर
उग आये हैं नुकीले सींग.

हमारे समय के कवि के पास
कविताओं के बजाये  जटिल पहेलियां  हैं
जग को भरमाने के लिए
कृत्रिम शब्दावली
वे कुछ भी लिखने से पहले
कलम की आड़ में मुंह छुपा लेते हैं.
उनकी बेहयाई कालजयी है.

लिखना पढ़ना उनके लिए ऐसा
खुद को जिंदा बताने के लिए
गहरी नींद में पलक झपकाना
बताते चलना देश दुनिया को
हम इस ठहरे समय में निठल्ले नहीं 
कुछ न कुछ कर तो रहे यकीनन.

सब ठीक है ,ठीक-ठाक है लगभग
इसी होने ,न होने के बीच
सिर्फ निरर्थक बहस मुबाहिसे हैं
चंद फैशनेबल जुमले
कुछ खोखले लफ्ज़
चतुदिक वैचारिक घपले हैं.











मंगलवार, 13 अगस्त 2019

उम्र के साथ –साथ

उम्र चेहरे तक आ पहुंची
कंठ में  भी शायद
जिह्वा पर अम्ल  बरकरार है
शेष है अभी भी हथेलियों पर स्मृतियों  की तपन
वक्त के साथ सपने भस्माभूत नहीं होते
काफी बीत जाने पर भी
कुछ है यकीनन  कभी नहीं बीतता.

देह बीत जाती है
रीत जाता है भीतर का पानी
इतने रूखेपन में भी
जरा –सा गीलापन ढूंढ कर
बची रह जाती है
चिकनी हरी काई और
निर्गंध बैंगनी गुलाबी अवशेष.

उम्मीद आज  जीवंत सर्वनाम है
कामनाएं कल की पुरकशिश संज्ञा
कविताओं में अभी तक
शब्दों की आड़ में दिल थरथराता है
तितलियों के पीछे भागता बचपन
वक्त के संधिस्थल पर
मचाता है अजब धमाचौकड़ी.

समय की अंगुली पकड़
चलते चलते हम निकल आये
कितनी दूर
पतझड़ के मौसम में झड़ी पत्तियां
बहार की आमद पर करती हैं
बदलती रुत के साथ कानाबाती.


नन्ही बच्चियां


दो नन्ही बच्चियां घर की चौखट पर बैठीं
पत्थर उछालती  खेलती हैं कोई खेल
वे कहती हैं इसे  -गिट्टक
इसमें न कोई जीतता है न कोई हारता है
बस बतकही और खिलखिलाहट में गुजरता है वक्त.
                      
दो नटखट सहेलियाँ देखते ही देखते
सयानी हुई जाती हैं
उनके पास देखने लायक कोई ढंग का सपना तक नहीं
सिर्फ है लिया –दिया सा बेरंग बचपना
बाहर मेह बरसता न होता तो
वे देर तक कीचड़ में इक्क्ल दुक्कल खेलतीं.

एक राजकुमारी है दूसरी नसीबन
कतरे हुए कच्चे आम पर नमक बुरक कर
सी-सी करते हुए खाना ,दोनों को  खूब भाता है
वे जानती हैं अपना धर्म अपना मजहब
ईद की राम राम और दिवाली की मुबारकबाद
बेरोकटोक पहुँच जाती है एक दूजे के पास.

फिलवक्त माहौल ज़रा तनी हुई रस्सी सा है
गाँठ ही गाँठ लगी हैं चारों ओर
लोग सिर जोड़ कर बतियाने की जगह
रगड़ रहे अपने नाखून खुरदरे समय के सान पर
बच्चियां मन मसोसे बंद दरवाजों के पीछे से
तिरा रही हैं अदृश्य बोसों के कनकौए बड़ी उम्मीद के साथ.

बच्चियां कहती हैं ऊपर वाले से
अपनी दुआओं में ,हे परवरदिगार
हमें संग संग गिट्टक खेलने का थोड़ा सा मौका
फुदकने लायक ज़रा सा सपाट आंगन दे दे
और फिर कुछ दे या न ही दे
बात बात पर किलकने की सोहबत तो  दे दे.

शनिवार, 13 अक्टूबर 2018

तितली जैसी .....

उसके होठों के नीचे 
तितली हमेशा बैठी मिली 
वह तानाशाह कहाँ छुपाये रहा 
उम्र भर अपना प्यार 
और खिला हुआ 
मकरंद से भरा गुलाब.

छोटी कविता -1

कविता -१४ अक्टूबर १८

इतिहास के पन्नों के बाहर 
खांटी सच के इर्द -गिर्द
साफ़ लफ्जों में दर्ज है
कमोबेश  हर तानाशाह 
विध्वंस के मंसूबे बनाता 
लिखता रहा  
उसके हाशिये पर कवितायें.

कविता  हमारे अहद की 
सबसे खतरनाक साजिश 
है.

रविवार, 23 सितंबर 2018

एक बार .........


                                  
एक बार बस एक ही बार
किसी दिन किसी लम्हे मुझे लगा
कि शायद यह प्यार है
कान के नज़दीक की शिरायें
हौले से कम्पित हुईं
कनपटी पर ताप  बढ़ा कि
भभक उठा पूरा वजूद
यह आवेग जैसा कुछ था बेशक
मुझे यकीन नहीं होता यकीनन.

आदिम प्यार के किस्से  लोक में प्रचलित हैं
उनसे इतर मेरे पास दुनियावी पैमाने से मापने के
इनेगिने कदीमी उपकरण हैं
जाड़ों में धूप की लकीर जब
जर्जर हुए भुतही इमारत के कंगूरे  पर जा टिके
तो मानना पड़ता है कि 
अब अंधेरा नापने को है समूचा दिन.

प्यार सिर्फ इतना ही है बस इतना-सा 
लगे कि मन के भीतर कुछ प्रत्याशित घटा
कोई तेज रफ्तार रेलगाड़ी गुजरे और 
पटरियों के नज़दीक के खेतों में उगी
गेहूं की ताजातरीन बालियों में हरकत हो
हवा में घुल जाए गेहुँआ दूध की अनचीन्ही गमक.

मैंने बार –बार खुद से पूछा
क्या यही है प्यार की गीली जमीन से होकर गुजर जाना
जिस पर ठहरे उदास पदचिन्हों को
प्रेम कथाओं के पन्नों में संरक्षित कर
हम सदियों से बेवजह मुग्ध हुए जाते हैं
सदियाँ बीती मैं देह की दहलीज के मुहाने खड़ा
न जाने कब से अनागत जवाब की बाट जोहता हूँ.





शुक्रवार, 21 सितंबर 2018

उस दिन ......

...
उस दिन मैंने दवा रखने वाली
छोटी छोटी रंगीन डिब्बियों में
एक एक कर सुबह दोपहर शाम के हिसाब से
सोमवार से लेकर रविवार तक
जिंदा बने रहने की हिकमत को करीने से सजाया
फिर छत की ओर तेजी से घूमते पंखे की ओर देखा
सोचा चलो जिन्दगी में रची बसी अराजकता ज़रा कम हुई.

बहुत सोचने के बाद याद आया
जिन्हें मैं डिब्बियों के नाम से याद कर रहा
यह तो ऑर्गेनाइजर है
वक्त कितना बदल गया कि
पापा ,हैप्पी बर्थडे ...कहता बेटा
उपहार में ग्लूकोमीटर या ऐसा ही कोई सामान देता 
एक न एक दिन लगभग तस्दीक कर देता है कि
दवाएं रासयनिक दया हैं
किसी की दुआओं से अधिक विश्वसनीय.

उस दिन
टाइम मशीन में बैठ कर
बीते हुए समय में वापस लौट जाने की गाथा का  
दुखांत पटाक्षेप हुआ मानो
विज्ञानं ने अपनी तार्किकता से
छोटी छोटी भावुक आत्मीयता से भरी
मरियल आस छीन ही ली  
इसके बाद बताया कि
जीवन के निविड़ अंधकार में
किसी किस्म की उम्मीद बाँधने से नहीं
बिना सीली हुई माचिस में रखी
शुष्क तीली की सम्यक रगड़ से काम चलता है.

उस दिन के बाद
दवाओं को खाने का वक्त सदा याद रहा
पर  मैं भुलाने लगा 
स्मृति के गोपन कोनों में सहेज कर रखे
दैहिक उन्माद के प्रेमिल लम्हे 
अपनत्व भरे कालातीत पल
और उत्तेजनापूर्ण यथार्थ का गल्प.

उस दिन यकायक जाने क्या हुआ
मेरे भीतर का कापुरुष विजयी भाव के साथ
मेरी लापरवाह निजता को .
बेदर्दी से रौंदता हुआ
चला गया समय के परले पार.









सोमवार, 17 सितंबर 2018

चंद छोटी -छोटी कविताएँ

कोई कहीं
घुमाती होगी सलाई
रंगीन ऊन के गोले
बेआवाज़ खुलते होंगे
मरियल धूप में बैठी
वह बुनती होगी
एक नया इंद्रधनुष 
यह लड़कियां
कितनी आसानी से उचक कर
पलकों पर टांग लेती हैं
सतरंगे ख्वाब।



कविता -2 
बैग पैक करते हुए
उसने हवाओं से कहा
शायद आखिरी बार
तो अब?
इस जवाब सादा था 
पता था हमें
कहना बड़ा मुश्किल
अलविदा ..
दुनिया का सबसे अधिक
जिंदा जावेद और जटिल लफ्ज़ है।

मंगलवार, 4 सितंबर 2018

उसने याद किया ,,,,,



उसने याद किया
हिचकी आईं ,एक बाद एक
और मैं चल दिया उसे खोजने 
मेरे पास था उसका डाक का
आधा अधूरा पता बिना पिनकोड वाला .

कुछ ही देर में
देह हो गई पसीने से तरबतर
लेकिन वह जगह नहीं मिली
जिसके आसपास वह मिल जाता बाट जोहता
उसके जैसे लोग अपने पते पर नहीं मिलते .

पते में नहीं लिखा था
फिर भी मुझे मालूम था
वह रहता है लद्दूमल की सराय के पास
जिसके चबूतरे पर बैठ कल्लू हलवाई का नौकर
बूंदी के लड्डू छानता है.

बहुत खोजा सबसे पूछा
सराय और उसके चबूतरे का कोई
सुराग तक नहीं मिला
लद्दूमल ,कल्लू और उसका नौकर कहाँ गए
किसी को इसका कुछ नहीं पता.

उसके घर से कुछ दूरी पर था
पाकड़ का एक छायादार पेड़
जहाँ बैठ वह कभी कभी लिखता था
उसे कवि होने की गलतफहमी थी
पर इससे किसी का पता मुकम्मल नहीं होता . 
.
छोटे शहरों में नाम भर से मिल जाती है
किसी के होने की पूरी जानकारी
मैं तो इसी मुगालते में था
नहीं जानता था कि बीतते समय के साथ
छोटे शहर बड़े होकर अपने बाशिंदों को भुला जाते हैं.

मैं उसे तलाशता रहा पूरी शिद्दत के साथ
फिर लौट आया झक्क मार कर
डाल आया लैटर बॉक्स में चिट्ठी
उसका अस्फुट पता लिख कर
जैसे घटाटोप अँधेरे में जला आये कोई दिया .

इसके बाद न उसकी कोई खबर मिली
न याद वाली हिचकी आई
बस लौट आया एक दिन भेजी चिट्ठी का लिफाफा
लिखा था जिस पर
दिए गए पते पर उगी हैं बेतरतीब झाडियाँ
जिन पर रहता है गिलहरियों का कुनबा.

एक लावारिस दरख्त पर अपनी रानी की खातिर 
दिन-रात शहद ढोहती  कमेरी मधुमक्खियां  
नेवले टहलते हैं बेख़ौफ़ ,सांप को तलाशते 
चिड़िया लौट लौट आती हैं घोंसले में 
अपने बच्चों की भूख की खातिर.
यह चिट्ठी किसे दें
उसकी शिनाख्त ज़रा साफ़ साफ़ लिखें !

मोची राम

साइन लैंग्वेज और कटफोड़वा की खट-खट

महामारी के भीषण दिनों में उन लोगों ने बातून नौनिहालों को जबरन सिखवाया सिर्फ इशारों ही इशारों में अपनी जरूरत भर की बात कह लेना किसी मूक बघिर...