गुरुवार, 8 अगस्त 2013

रात और बारिश :कुछ शब्द चित्र




रात घिर आई है

पर तुम नहीं आई
कभी कभी नींद
बड़ी बेतकल्लुफ हो जाती है .
++++
रात की स्याही का
अब हम क्या करें
कभी कभी बदलती तकनीक में  
कुछ चीजें  बेमानी हो जाती हैं .
+++
कल कामकाजी दिन है
थकी हुई देह सो चुकी हैं
कभी कभी मन
नींद के भीतर चलता है .
++++
सपने देखने के लिए
रात की चादर छोटी पड़ जाती है
कभी कभी समझ नहीं आता
कितने पाँव समेटें .
+++
नीड़ से बिछड़ा पक्षी
आधी रात चहकता है
कभी कभी जरा सी  चहक से
अन्धकार  जल्दी मिट जाता है .
++++
रात आई है
तो जायेगी भी जरूर
कभी कभी कुछ किस्से
निशाचर बन जाते हैं .
+++
रात के सीने में दफ़न हैं
अनेकानेक झूठे सच्चे राज
कभी कभी मुखबिर भी
असलियत छुपा जाते हैं .
+++
रात के किस्से
दिन में पढ़े जाते हैं
कभी कभी कुछ अफ़साने
स्याह इबारत  में  लिखे जाते हैं .
+++
कोई पूछ रहा है
यह अँधेरा कब मिटेगा
कभी कभी कुछ सवालों  में
जवाब नहीं सवेरे की आस होती है .
++++
रात के भीतर रहता है
एक हठी बांसुरीवादक
कभी कभी उसकी तान पर
थिरक उठता है सन्नाटा भी .
+++
बरस रही है बारिश
सारा ईंधन गीला है
कभी कभी नादान भूख
कोई दलील नहीं मानती .
+++
काले मेघों के पीछे से
कैसे आयेगा ईद का चाँद
कभी कभी फिर भी खुशियाँ
छाता लेकर भी आ जाती हैं .
+++
बारिश की बौछारों से
छाता हो गया परास्त
कभी कभी हिम्मत
जलरोधी  रेनकोट बन जाती है .
+++
आज बरस ले जी भरके
कल क्या होगा क्या पता
कभी कभी आज और कल में
सदियों का फासला  होता है .
+++
बारिश के पानी में भीग गया
घर का चप्पा चप्पा
कभी कभी छत का अहंकार
यूं भी बिखर जाता है .
+++
बारिश की थिरकती बूंदों में
आओ चलो करें धमाल
कभी कभी संग संग नाचने की
कोई उम्र तय  नहीं होती .
+++
बाहर बरस रही है उमंग
भीतर उमस भरी उदासी है
कभी कभी बारिश में
मन देह के पार चला आता है .
+++
बारिश का पानी पारदर्शी होता है
वह  आईना न नहीं होता
कभी कभी अपना अक्स ही  
इस भूल भुल्लिये में गुम जाता है .
+++
बारिश का पानी सिर्फ पानी होता है
साफ़ स्वच्छ निर्दोष एकदम निर्मल
कभी कभी हम इसमें चुपके से
अपने रंग मिला आते हैं .








बुधवार, 7 अगस्त 2013

सुबह :कुछ शब्द चित्र

कल रात सोया नहीं 
सुबह फिर भी हसीन है .
कभी कभी अलस्सुबह  
उम्मीदें भी जाग जाती हैं .
+++
मैं मुहँ अँधेरे बना लेता हूँ 
बिना दूध चीनी वाली चाय 
कभी कभी कड़वाहट से आती है 
चाशनी भरी सुबह .
+++
मंदिर में होती आरती 
मस्जिद से उठती अज़ान 
कभी कभी सुबह 
बिना मुहँ धोए ही आ जाती है .
+++
ईद और हरियाली तीज 
दोनों साथ साथ होंगी 
कभी कभी मेहँदी 
हर हाथ पर फबती है .
+++
अभी अभी बारिश थमी है 
चल काम पर चल 
कभी कभी दुनियादारों को भी 
रेनी डे की याद आती है .
+++
मेरा मित्र रोज भेजता है एसएमएस से 
गुड मार्निंग में लिपटी सुबह 
कभी कभी जब संदेसा  नहीं आता 
मुझे सुबह के वजूद पर शक होता है .
+++
वह आ जाये घर 
तब बरस लेना जी भर के 
कभी कभी बारिश से 
हम कितनी मिन्नतें करते हैं
+++






मंगलवार, 6 अगस्त 2013

बारिश :कुछ शब्द चित्र

तुमने ही तो सिखाया था 
कागज की नाव बनाना 
कभी कभी बारिश में 
भूली बिसरी यादें तैर आती हैं .
++++
बरसते पानी के बीच
माँ सिखा रही है बच्चे को कागज की नाव बनाना
कभी कभी आशंकाओं को
ऐसे भी झुठलाया जाता है .
+++

सोमवार, 5 अगस्त 2013

बारिश : कुछ शब्द चित्र


.........
एक ओर बारिश है 
दूसरी ओर धूप खिली है 
कभी कभी मौका होता है 
अपने अपने सपने चुनने का .
+++
बारिश की बौछारों ने 
बिखरा दिए सारे गुलाब 
कभी कभी आवारा गंध 
फिर भी महकती है .
+++
क्यों झुठला रहे हो उम्र को 
बारिश में भीग कर 
कभी कभी फरेब भी 
मन बहला जाता है .
+++
न तो बारिश थमी 
न भीगने से मन भरा 
कभी कभी तरबतर होने के लिए 
देह थोड़ी पड़ जाती है .
+++
तुम्हारे सारे नम्बर 
मेरे मोबाईल से नदारद हैं 
कभी कभी बारिश भी 
खूब शरारत करती है .
+++
आओ चलो नहा लें 
बारिश के पानी में 
कभी कभी कुछ ख्वाईशें
यादों के वर्षा वन में ले जाती हैं .




कभी कभी


,,,,,,,,,
वह अवसाद के गहरे समन्दर में उतरा रही है 
मैं शिद्दत से पुकार रहा हूँ -वापस लौट आओ 
कभी कभी बेचैन आवाजें सिर्फ
मायूस गोताखोर बनीं रह जाती हैं .
+++
मेरी निजी जिंदगी में बहुत उदासी है 
इसलिए सरेआम ठहाके लगाता हूँ 
कभी कभी फर्जी हंसी भी
बड़े काम की होती है .
+++
सात समंदर पार से खबर है 
करोड़ों की लॉटरी लगने की 
कभी कभी चीटर कौक* भी 
मेरी मुफलिसी पर हँसते  हैं .
*ठग
+++
एक दिन उसने कहा था -धत 
अफसानानिगार ने उसे कहानी बना डाला 
कभी कभी कुछ किस्सों का 
कभी उपसंहार नहीं होता .
+++
ये तुम क्या कुछ लिखते  हो 
मैं तो समझ नहीं पाती 
कभी कभी अपना लिखा ही 
पहेली -सा बन जाता है .
+++
जेब में रखा मोबाइल थरथराता है 
मैं नहीं चाहता उसे सुनना 
कभी कभी ध्वनि तरगों से पहले 
आशंकाएं चली आती हैं .
+++
आज जिंदगी कितनी स्याह सफ़ेद है 
तुम होती तो ये न होता 
कभी कभी किसी के न होने से 
इन्द्रधनुष क्षितिज का रास्ता भूल जाते हैं .
+++


शुक्रवार, 2 अगस्त 2013

कभी कभी

अकसर
तुम्हारे आने की आहट पर
मेरी सांसें थम जाती हैं
कभी कभी दबे पाँव भी आया करो .
+++
उसके आने की कोई खबर तो न थी
मैं तकता रहा उसकी राह देर तक
कभी कभी इंतजार भी
कितना पुरसुकून होता है .
+++
बारिश की पहली बूँद
चुपके से आ गिरी मेरी हथेली पर
कभी कभी देह से पहले
मन भीग जाता है .
++
मुझे विदा करने
उसके आंसू आये आँख तलक
कभी कभी जिंदगी में तूफ़ान
ऐसे भी आता है .
+++
उसे यकीन था
मैं लौट कर आऊंगा उसके पास
कभी कभी परिंदे भी
अपना घर भूल जाते हैं .
+++
मेरी तन्हाई बड़ी बातून है 

जाने क्या क्या कह देती है
कभी कभी ख़ामोशी भी
बड़ी सनसनीखेज़ होती है .

गुरुवार, 1 अगस्त 2013

कभी कभी -२


तुम मुझे पुकारो
पूरी निशब्दता के साथ
कभी कभी आवाजें
शब्दों के पार चली आती हैं .
+++
भरपूर उम्र गुजर गई
हमारी देहों से होकर
कभी कभी दीवार पर टंगा केलेंडर
बहुत मुहँ चिढाता है .
+++
मेरे पास तमाम वजह थीं
तुम्हे याद रखने की
कभी कभी लगभग बेवजह
झूठ बोलने को जी करता है .
+++
तुम मोहल्ले से क्या गईं
उड़ गईं सारी चिड़िया भी
कभी कभी चिड़िया भी
वीराने से घबरा  जाती हैं .
+++
तुम्हारे जर्जर घर के आंगन में
उग आये हैं आवारा बिरवे
कभी कभी इन बिरवों से
सिर फुटव्वल को मन करता है .
+++

मुझे सब याद है
तुम भूल गईं सब कुछ
कभी कभी भूलने और याद के
मायने कितने एक होते हैं .
+++
बड़े जतन से संभाल कर रखे
तुम्हारे खतों को हौले से छूता हूँ
कभी कभी कागज  भी
घुंघुरू से  बज उठते  हैं .
+++
कल अनायास आ गई
तुम्हारी यादों की बारात
कभी कभी दर्द भी
कितने भेष भरते हैं  .
+++
उस दिन तुम आ गईं छज्जे पर
सुनकर मेरे आने की आहट
कभी कभी बीते हुए पल
वापस लौट आते हैं यूंही .
+++
मेरी उदासी
मेरी कविता की हमजोली हैं
कभी कभी एकाकीपन में
ये सहेलियां खूब धमाल करती हैं .
+++
सफ़ेद कबूतर के पंख सा कागज
किरणें बिखेरती स्याही ,खूबसूरत पैन
कभी कभी लेपटॉप पर थिरकती उँगलियाँ
थम सी जाती हैं इन्हें याद करके .


मंगलवार, 12 मार्च 2013

मेरा नाम



मेरा नाम मेरा नाम है बस
न इससे अधिक कुछ
न इससे कम
एकदम पारदर्शी
इसमें मेरा अक्स तुम्हें
ढूंढें न मिलेगा .

अनेक अन्वेषी आये
मेरे नाम में
मेरी शिनाख्त तलाशते
और चले गए निराश
सर खुजाते .
मैं वहां था ही नहीं
उनको मिलता कैसे ?

मेरा नाम हो या किसी का भी
एक सूनी सडक है
जहाँ दिशा बोध की
हमारी सारी पारंपरिक समझ
गडमड हो जाती है .

मेरा नाम और बहुत से नामों की तरह
किसी बाजीगर की पोटली में
तमाम ऊलजलूल चीजों की तरह
सदियों से बेमकसद पड़ा है
इसके बावजूद नाम का तिलिस्म है
कि टूटता ही नहीं .

मेरा नाम यदि तुम्हें याद हो
तो एक बार वैसे ही पुकारो
जैसे कभी राजगृह त्याग कर जाते 

सिद्धार्थ  को यशोधरा ने 
अपनी नींद के बीच
निशब्दता में पुकारा था
मैं अपने नाम को 

उसकी अर्थहीनता में
फिर से याद रखना चाहता हूँ .

शुक्रवार, 8 मार्च 2013

आवाजें


मुझे पता है
आवाजें कभी लौट कर नहीं आती
वहां तो कतई नहीं
जहाँ उनको पकड़ने के लिए
आतुरता जाल बिछाये बैठी हो .

आवाजें अराजक होती हैं
उन्हें पुराने घर
बासी चेहरे
इंसानी फितरत
और बीमार रवायतें
जरा भी पसंद नही

मेरे सपने


मेरी आँखों के ककून में
सपने कभी नहीं टिकते
उनके पंख निकल आते हैं
तो तितली बन उड़ जाते हैं
सच तो यह है
मेरी आँखों को सपने सहेजने का
सलीका कभी नहीं आया .

गुरुवार, 7 मार्च 2013

नींद

नींद
,,,,,,,,,,,,

मुझे नींद चाहिए
एकदम नकद मेहनत से कमाई हुई
किसी भिखारी के कटोरे में पड़ी
हिकारत के सिक्कों के तरह मिली नहीं
किसी रसायन के रहमोकरम से उपजी
आधी अधूरी नींद भी नहीं
मुझे नींद अपनी शर्तों पर चाहिए
वह मिले तो मिले
नहीं तो जागते रहने की जिद के साथ
मर जाने में आखिर हर्ज क्या है ?

मोची राम

साइन लैंग्वेज और कटफोड़वा की खट-खट

महामारी के भीषण दिनों में उन लोगों ने बातून नौनिहालों को जबरन सिखवाया सिर्फ इशारों ही इशारों में अपनी जरूरत भर की बात कह लेना किसी मूक बघिर...